भारी बारिश से महाराष्ट्र बेहाल, मुंबई में इमारत गिरने से 6 की मौत; नासिक के लिए हाई अलर्ट, मुंबई-पुणे रेल और एक्सप्रेसवे प्रभावित !

मुंबई। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 4 दिनों से जारी भारी वर्षा के बीच पूर्वी उपनगर मानखुर्द में एक 3 मंजिला चाल अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, राज्यभर में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की जान जाने की सूचना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक में मंगलवार को बादल फटने और 300 मिमी तक बारिश होने की आशंका जताई है।

इमारत गिरने की सूचना, 6 लोगों की मौत
मानखुर्द में रविवार देर शाम इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सोमवार सुबह आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

रेलवे ट्रैक पर भारी मात्रा में मलबा
लगातार बारिश का सबसे अधिक असर मुंबई और पुणे के बीच संपर्क व्यवस्था पर पड़ा है। कर्जत के पास भूस्खलन होने से रेलवे ट्रैक पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई-पुणे के बीच सभी रेल सेवाएं तत्काल प्रभाव से रोक दी गई हैं। रेलवे की टीमें ट्रैक साफ करने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।

नए मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में शुरू किए गए ‘मिसिंग लिंक’ की एक प्रमुख सुरंग में तेज पानी का रिसाव शुरू होने से सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। सुरंग में जलभराव और संभावित खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस ने इस नए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। पुराने मार्ग पर भी वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करने की सलाह दी गई है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
मिसिंग लिंक में भारी रिसाव को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

निचले इलाकों में कई फीट पानी
मुंबई के हिंदमाता, सायन, कूर्ला और अंधेरी सहित कई निचले इलाकों में कई फीट तक पानी भर गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। पिछले 3 दिनों से 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण शहर में 250 से अधिक पेड़ गिर चुके हैं। कुछ दिन पहले एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक बच्चे की भी मौत हो गई थी। लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

Leave a Comment