Digital Arrest कर दंपत्ति से ठगे ₹1.15 करोड़, फर्जी ATS अधिकारी ने केस में फंसाने की धमकी दी!

कहा गया कि बैंक खाते में मनी लांड्रिंग के तहत लाखों रुपए का का संदिग्ध लेनदेन हुआ!

इंदौर। फर्जी ATS अधिकारी बनकर ठग ने दंपति को Digital Arrest किया और मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देते हुए एक करोड़ 15 लाख रुपए ऐंठ लिए। घटना साढ़े तीन माह पहले 15 नवंबर को हुई थी। हीरानगर पुलिस को फरियादी सुमनलता पति विजय सक्सेना ने बताया कि वे लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत हुए हैं। रिटारमेंट के समय कुछ पैसा मिला था, जिसे बैंक में जमा किया है।

दीपावली के बाद थाना क्षेत्र में स्थित अपनी प्रापर्टी 85 लाख रुपए बेची थी। रिटायरमेंट और प्रापर्टी सेल का पैसे करीब एक करोड़ 15 लाख रुपए बैंक में जमा थे। इन पैसों की दो अलग-अलग एफडी की थी। उनके मोबाइल पर 15 नवंबर 2025 को वीडियो कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को पुणे एटीएस मुख्यालय का अधिकारी चंद्रभान सिंह बताया। उसने दावा किया कि सुमन के नाम से जम्मू स्थित एचडीएफसी बैंक खाते में मनी लांड्रिंग के तहत लाखों रुपए का का संदिग्ध लेनदेन हुआ है, जो आतंकवाद से जुड़ा है।

दूसरे दिन फिर किया कॉल

सुमन ने जब ऐसे किसी खाते से इनकार किया तो आरोपी ने फोन काट दिया। अगले दिन 18 नवंबर को दोबारा संपर्क कर कहा कि मामला अब उसके सहयोगी प्रदीप लाल को सौंपा जा रहा है। 19 नवंबर को दूसरे नंबर से वीडियो कॉल कर आरोपियों ने दंपति को पूछताछ के नाम पर घंटों कैमरे के सामने बैठाए रखा।

उन्हें धमकी दी गई कि सहयोग नहीं किया तो गिरफ्तारी होगी, संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। डरे हुए दंपति से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज मंगवाए गए। इसके बाद दो बैंक खातों में जांच पूरी होने तक सुरक्षित ट्रांजेक्शन के नाम पर पैसा जमा करने को कहा गया।

एनईएफटी से दिया पैसा

20 नवंबर को सुमन ने 49.70 लाख, विजय ने 65.30 लाख रुपए एनईएफटी के जरिए ठगों के खातों में जमा कराए। ठगों ने पीड़ितों को यह भी कहा कि बैंक में पूछे जाने पर पैसा बेटियों को भेजने की बात कहें। लगातार तनाव के कारण विजय की तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ दिन बाद सुमन ने घटना अपने दामाद को बताई। इसके बाद 27 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई।

इन नंबरों से आए कॉल

पीड़िता को पहले 8402823868 नंबर से चंद्रभान नामक युवक और फिर 8511309468 नंबर से प्रदीप लाल ने कॉल किया। एक आरोपी पुलिस की वर्दी में नजर आया। उसने पुलवामा व पहलगाम की घटनाओं का हवाला देकर डराने की कोशिश की। पुलिस मोबाइल नंबर को ट्रेस करने में जुट गई है।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment