इंदौर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन को हिसार तक बढ़ाया, अब सफदरजंग स्टेशन से चलेगी!

समय-सारिणी में भी मामूली बदलाव किया गया, फिलहाल टिकिट बुकिंग पर रोक लगाई!

इंदौर। इंदौर से दिल्ली के बीच चलने वाली इंदौर-दिल्ली त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (20957/58) के रूट विस्तार को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन दिल्ली तक सीमित न रहकर रोहतक-महम के रास्ते हिसार तक चलाई जाएगी। इस फैसले से हरियाणा के हिसार, रोहतक और महम क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। क्योंकि, अब तक इन शहरों से इंदौर के लिए कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार रूट विस्तार के बाद यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से संचालित होगी। हालांकि, ट्रेन के संचालन के दिन पहले जैसे ही रहेंगे, जबकि समय-सारिणी में मामूली बदलाव किया गया।

यह रहेगी नई समय-सारिणी

इंदौर से हिसार जाने वाली ट्रेन संख्या 20957 प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 4:45 बजे इंदौर से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 4:52 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और इसके बाद शकूर बस्ती व रोहतक होते हुए सुबह 9:20 बजे हिसार पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 20958 हिसार से इंदौर के लिए प्रत्येक सोमवार, गुरुवार और शनिवार को दोपहर 1:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 6:15 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे इंदौर पहुंचेगी।

नए रूट के अनुसार जल्द नियमित संचालन शुरू

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस रूट विस्तार को लेकर सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं और जल्द ही नए रूट के अनुसार नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस बदलाव से मध्यप्रदेश और हरियाणा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

टिकिट बुकिंग पर लगी रोक

 रेलवे ने पुराने रूट पर इस ट्रेन की टिकट बुकिंग को फिलहाल रोक दिया है। यात्रियों को अभी केवल 5 मार्च तक की आने-जाने की टिकटें ही बुक करने की सुविधा मिल रही है। रेलवे की ओर से नया रूट और संशोधित समय सारिणी जारी होने के बाद टिकट बुकिंग दोबारा शुरू की जाएगी। 15 मार्च के बाद ट्रेन के नए रूट से संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

अभी यह है स्थिति

नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन (20957) वर्तमान में इंदौर से शाम 4:45 बजे सप्ताह में तीन दिन रविवार, बुधवार और शुक्रवार चलती है, जो अगले दिन सुबह 4:30 बजे राजधानी दिल्ली पहुंचती है। जबकि इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन (20958) नई दिल्ली स्टेशन से शाम 7:15 बजे सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार और शनिवार चलती है, जो अगले दिन सुबह 6:45 बजे इंदौर पहुंचती है। ये ट्रेनें सप्ताह में तीन दिन वाया रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर और मथुरा होते हुए चलाई जाती है।

यह है रेल का किराया

वर्तमान में नई दिल्ली इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में इंदौर से दिल्ली का स्लीपर श्रेणी का किराया 490 रुपए, थर्ड एसी इकॉनोमी क्लास का किराया 1165 रुपए, थर्ड एसी का किराया 1250 रुपए, सेकंड एसी का किराया 1755 रुपए और फर्स्ट एसी का किराया 2930 रुपए है।

इंदौर और दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनें

 इंदौर से नई दिल्ली के बीच में इंदौर-दिल्ली इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस और डॉ. अंबेडकर नगर (महू)- नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस नियमित चलती हैं। इसके अलावा उज्जैनी (लक्ष्मीबाई नगर)-देहरादून एक्सप्रेस और देहरादून एक्सप्रेस) सप्ताह में दो दिन चलती है। इसके अलावा इंदौर-उधमपुर, इंदौर-अमृतसर, इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन भी चलती हैं।

Leave a Comment