पचमढ़ी अभ्यारण्य का नाम अब राजा भभूत सिंह के नाम पर, कैबिनेट बैठक में हुए कई अहम फैसले

Pachmarhi Cabinet Meeting, 3 जून 2025: मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में सोमवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में वन्य जीव अभ्यारण्य का नाम बदलने से लेकर प्रशासनिक सुधारों तक कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तय किया गया कि अब पचमढ़ी वन्य जीव अभ्यारण्य का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा जाएगा।

राजा भभूत सिंह नर्मदांचल क्षेत्र में ब्रिटिश शासन के खिलाफ सक्रिय रहे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘नर्मदा अंचल का शिवाजी’ बताते हुए कहा कि उन्होंने तात्या टोपे के साथ मिलकर सतपुड़ा क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम का संचालन किया था।

Pachmarhi Cabinet Meeting: अन्य फैसले

  • राजस्व विभाग में पुनर्गठन:
    500 पदों को समाप्त करते हुए 1200 नए पदों का सृजन किया जाएगा। इसमें आईटी आधारित पदों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। साथ ही, प्रमुख राजस्व आयुक्त और आयुक्त अभिलेख के पदों को मर्ज कर नया पद “कमिश्नर लैंड रिसोर्स मैनेजमेंट” बनाया जाएगा।
  • महिलाओं के लिए रात में काम का रास्ता साफ:
    श्रम कानूनों में संशोधन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत उन स्थानों पर महिलाएं रात में काम कर सकेंगी जहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों। ठेका श्रमिकों से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया जाएगा।
  • इंदौर में एग्रो आईआईटी हब:
    विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रस्ताव पर इंदौर स्थित आईआईटी में कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए एग्रो हब स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए प्रेरित करना है।
  • प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम:
    9 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल को लेकर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
  • 5 जून को उज्जैन में वेलनेस समिट:
    योग, आयुर्वेद और स्वास्थ्य आधारित इस समिट का आयोजन उज्जैन में होगा।

पर्यटन और विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने पचमढ़ी में लगभग ₹33.88 करोड़ की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं:

लोकार्पण (₹12.49 करोड़): जटाशंकर और पांडव गुफाओं पर पिंक टॉयलेट लाउंज, जयस्तंभ क्षेत्र में पाथवे निर्माण, जलगली से धूपगढ़ तक पाइपलाइन, पचमढ़ी प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण और सतपुड़ा रिट्रीट में किचन और स्विमिंग पूल का नवीनीकरण

भूमिपूजन (₹21.39 करोड़): हांडी खो में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कार्य, टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सुविधाएं, कांच की बोतलों में आरओ जल प्लांट, हिलटॉप बंगला को होमस्टे में बदलने की योजना, कम्युनिटी सेंटर का निर्माण और ग्लेन व्यू में केंद्रीय नर्सरी की स्थापना

Pachmarhi Cabinet Meeting: पचमढ़ी का महत्व और इतिहास

पचमढ़ी सतपुड़ा की गोद में बसा राज्य का इकलौता हिल स्टेशन है और इसे धार्मिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। धूपगढ़ चोटी से दिखने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी यहां कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं।

कैबिनेट बैठक में अनुपस्थित रहे विजय शाह

जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह एक बार फिर कैबिनेट बैठक से अनुपस्थित रहे। यह लगातार तीसरी बैठक है जिसमें वे नहीं पहुंचे। कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान के बाद से वे विवादों में हैं और इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एसआईटी कर रही है।

राजा भभूत सिंह की स्मृति में विशेष आयोजन

कैबिनेट बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के गायन से हुई और इसे राजा भभूत सिंह तथा जनजातीय समाज को समर्पित बताया गया। मुख्यमंत्री ने उनके योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने गुरिल्ला युद्ध तकनीकों से अंग्रेजी सेना को टक्कर दी थी।

Leave a Comment