नई दिल्ली। देश भर में गुरुवार को सभी बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। देश के बड़े बैंक संगठनों ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इस हड़ताल का ऐलान किया है।

हड़ताल के चलते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ग्राहकों को सूचित किया है कि 12 फरवरी को हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
एसबीआई के अलावा आईडीबीआई बैंक को भी यूनियन की ओर से हड़ताल का नोटिस मिला है। हालांकि, आरबीआई या अन्य बैंकों ने इस दिन छुट्टी घोषित नहीं की है, लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से शाखाओं में कामकाज पर प्रभाव पड़ेगा।
हफ्ते में 5 दिन काम की मांग
हड़ताल का मुख्य कारण केंद्र सरकार के 4 नए लेबर कोड हैं। यूनियनों का कहना है कि ये कोड 29 पुराने श्रम कानूनों की जगह लेंगे, जिससे कर्मचारियों के अधिकारों में कटौती होगी और ट्रेड यूनियनों का रजिस्ट्रेशन कराना मुश्किल हो जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारी लंबे समय से बैंकिंग सेक्टर में 5-डे वर्क वीक (हफ्ते में 5 दिन काम) लागू करने की मांग कर रहे हैं। यूनियनों का तर्क है कि काम के बढ़ते दबाव के कारण कर्मचारियों का वर्क लाइफ बैलेंस बिगड़ रहा है।