खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में गुंडे और उसकी पत्नी के अनधिकृत प्रवेश मामले में कार्रवाई!

गार्ड को नौकरी से निकाला, सिक्योरिटी एजेंसी पर जुर्माना 

इंदौर। खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में अनधिकृत प्रवेश की घटना को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा अध्यक्ष मंदिर प्रबंध समिति शिवम वर्मा ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान में लिया है। मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। सिक्योरिटी एजेंसी पर जुर्माना और सुरक्षा गार्ड हटा दिया गया।


सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि गत 11 फरवरी को सायं 7:41 बजे से 7:45 बजे के बीच मंदिर परिसर स्थित भगवान गणेश जी के गर्भगृह में कुछ व्यक्तियों द्वारा प्रवेश किया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में पाया गया कि स्थानीय निवासी आकाश रावत ने गर्भगृह के चैनल गेट पर सुरक्षा गार्ड से बातचीत की गई।

इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने चैनल गेट खोला और सतीश भाऊ नामक व्यक्ति ने गर्भगृह में प्रवेश किया। सुरक्षा एजेंसी बालाजी सिक्योरिटी सर्विस की ओर से नियुक्त सुरक्षा गार्ड ज्योति वरुण ने लिखित प्रतिवेदन में उल्लेख किया कि स्थानीय निवासी आकाश रावत ने दो व्यक्तियों को गर्भगृह में दबाव बनाकर अनाधिकृत रूप से प्रवेश कराया।


प्रशासन की कार्रवाई
उक्त मामले में प्रथम दृष्टया मंदिर की गरिमा एवं प्रबंध समिति के निर्णयों के पालन में घोर लापरवाही पाई गई है। ड्यूटी पर उपस्थित सुरक्षा गार्ड को तत्काल मंदिर सेवा से बर्खास्त किया गया। पूजा-पाठ के लिए भट्ट परिवार की दोनों शाखाओं के उपस्थित पुजारियों को घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो इसके लिए सचेत रहने की चेतावनी दी गई।

सुरक्षा एजेंसी मैसर्स बालाजी सिक्योरिटी सर्विस पर 21 हजार रुपए का जुर्माना, जो आगामी देयक से काटा जाएगा।
स्थानीय निवासी आकाश रावत द्वारा बिना अनुमति गर्भगृह में प्रवेश दिलाने एवं ड्यूटी पर तैनात गार्ड पर दबाव बनाने के कारण उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

प्रबंध समिति का निर्णय
मंदिर प्रबंध समिति एवं पुजारियों ने सर्वसम्मति से स्पष्ट किया है कि गर्भगृह में प्रवेश पूर्णतः
प्रतिबंधित है। केवल विशेष परिस्थितियों में अध्यक्ष एवं प्रशासक की पूर्व अनुमति से ही प्रवेश संभव होगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि आस्था के केंद्रों की मर्यादा और नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सख्त निगरानी की जाएगी। इंदौर की धार्मिक गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

यहां आपको मध्य प्रदेश के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की हर बड़ी और तेज़ जानकारी समय पर और सटीक रूप में मिलती है। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और NewsPointMP को फॉलो करें, ताकि आप हमेशा अपडेटेड रहें।

Leave a Comment