कांग्रेस पार्षद ने कहा ‘कांग्रेस जाए भाड़ में!‘ विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़ने का संकेत
इंदौर। नगर निगम की बैठक में ‘वंदे मातरम’ गाने से इनकार करने के बाद पार्षद रुबीना खान का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा बयान में उन्होंने न केवल अपने रुख पर कायम रहने की बात कही, बल्कि कांग्रेस पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ़ कहा कि कांग्रेस जाए भाड़ में! उनके बयानों से पार्टी नेतृत्व असहज नजर आ रहा है।
नगर निगम की बैठक के दौरान रुबीना खान ने ‘वंदे मातरम’ गाने से इनकार कर दिया था। इस मुद्दे पर सदन में काफी हंगामा हुआ। बाद में मीडिया से बातचीत में भी उन्होंने अपने फैसले का बचाव किया और कहा कि वे अपने धार्मिक सिद्धांतों के अनुसार ही आचरण करती हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान रुबीना खान ने कांग्रेस नेतृत्व पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के रुख से कोई फर्क नहीं पड़ता और वे स्वतंत्र रूप से चुनाव जीतने की क्षमता रखती हैं। उनके इस बयान के बाद पार्टी नेताओं ने भी उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी है।
पार्टी से बाहर होने के संकेत
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रुबीना खान को खुद को पार्टी से बाहर ही समझना चाहिए। उनके इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस जल्द ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है। रुबीना खान ने स्पष्ट कहा कि उन्हें चुनावी टिकट की कोई चिंता नहीं है। उनका कहना है कि वे अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगी, चाहे पार्टी उनके साथ रहे या नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए विरोधाभासी बातें कर रहे हैं।
निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
रुबीना खान ने आगे कहा कि अगर पार्टी उन्हें बाहर करती है, तो वे भविष्य में निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। इस विवाद के बाद बीजेपी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के नेताओं ने एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की बात कही है। इससे मामला और तूल पकड़ सकता है।