हर परिवार को 3 लीटर केरोसिन मिलेगा, कीमत होगी 65 या 70 रुपए लीटर!
भोपाल। रसोई गैस की आपूर्ति में आई बाधाओं को देखकर मध्यप्रदेश में केरोसिन की वापसी की तैयारी हो रही है। करीब पांच साल बाद राज्य में इस व्यवस्था को दोबारा शुरू किया जा रहा है। अब जिलों की मांग के आधार पर प्रति परिवार 3 लीटर के हिसाब से केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी बिक्री पेट्रोल पंपों के माध्यम से की जाएगी। राज्य को केंद्र सरकार से 10 लाख लीटर केरोसिन का आवंटन मिला है। इसकी कीमत 65 से 70 रुपए प्रति लीटर तय किए जाने की संभावना है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए जिलों से मांग का आकलन करने को कहा है।
उज्ज्वला योजना के बाद बंद व्यवस्था फिर शुरू
दरअसल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लागू होने के बाद राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत केरोसिन का वितरण लगभग बंद हो गया था। बड़ी संख्या में परिवारों को गैस कनेक्शन मिलने से यह व्यवस्था अप्रासंगिक हो गई थी। लेकिन गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने केरोसिन को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में फिर से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
वितरण के लिए नई व्यवस्था
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश को आवंटित केरोसिन की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। अब इसका वितरण पेट्रोल पंपों के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए हर जिले में दो-दो पेट्रोल पंप चिन्हित किए जा रहे हैं। पहले जहां उचित मूल्य की दुकानों के जरिए केरोसिन बांटा जाता था, वहीं इस बार नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
आंकलन के बाद आपूर्ति के इंतजाम
खाद्य विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में केरोसिन की संभावित मांग का आंकलन करें। इसी आधार पर आगे की आपूर्ति और वितरण की योजना तैयार की जाएगी। यह कदम गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति या बढ़ती कीमतों से प्रभावित परिवारों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।